नई दिल्ली।। महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को तेल कंपनियों ने एक बार फिर जबरदस्त झटका दे दिया है। पेट्रोल और डीजल के दाम एकबार फिर बढ़ा दिए गए हैं। पेट्रोल के दाम में 1.50 रुपए की बढ़ोतरी की गई है जबकि डीजल के दाम 45 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। बढ़ी हुईं कीमतें आधी रात से लागू होंगी।
तेल मार्केटिंग कंपनियों ने घाटे का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों बढ़ोतरी की है। कंपनियों का कहना है कि मौजूदा कीमत पर डीजल बेचने से उन्हें अभी भी करीब नौ रुपए प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। दिल्ली में पेट्रोल अब 68.76 रुपए और डीजल 48.10 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा।
मुंबई में 75.50 रुपए, कोलकाता में 76.22, चेन्नै में 71.61, पटना में 73.41 रुपए और देहरादून में 71.68 रुपए प्रति लीटर मिलेगा।
गौरतलब है कि सरकार ने पेट्रोल को जून 2010 में डीकंट्रोल किया था। इसके बाद से कंपनियों ने 28 बार पेट्रोल के दामों में फेरबदल किया है जिसमें सिर्फ 8 बार दाम घटे हैं, जबकि 20 बार दाम बढ़ाए गए हैं।