श्रीनगर - कश्मीर में सोमवार को आतंकवादियों ने तीन अलग-अलग हमलों में सेना के गश्ती दल और बीएसएनएल के एक कर्मचारी दल को निशाना बनाया, जिनमें हिमाचल सहित चार सैनिक शहीद हो गए, जबकि दो आतंकवादी भी ढेर हो गए। हमले में एक बीएसएनएल कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने सोमवार को पहले हमले में कश्मीर के तंगधार सेक्टर में गश्त कर रहे सेना के काफिले को निशाना बनाया।
इस हमले में धर्मशाला के 20 वर्षीय जवान सहित तीन सैनिक शहीद हो गए। भारतीय सैनिकों द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। दूसरी घटना में आतंकवादियों ने दक्षिण कश्मीर में कुलगाम जिले के यारीपोरा के कांजीकुला में सेना के एक गश्ती दल पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में जवान धरम राम की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने तत्काल क्षेत्र को घेर लिया और एक आतंकवादी को एक बाग में खोज निकाला।
वहां संक्षिप्त मुठभेड़ में आतंकवादी मारा गया। इसके पहले आतंकवादियों ने यहां से 52 किलोमीटर दूर उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में सोपोर के इकबाल बाजार में बीएसएनएल के कर्मचारियों पर गोलीबारी की। गोलीबारी में बीएसएनएल के तीन कर्मी घायल हो गए, जिनमें से एक मोहम्मद रफीक की श्रीनगर अस्पताल में मौत हो गई। रफीक कुपवाड़ा जिले के हंडवारा इलाके का रहने वाला था। दो घायलों का इलाज चल रहा है।