शाहपुरकंडी - शाहपुरकंडी से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित गांव जुगियाल जख में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक-युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल छिडक़ कर आग लगा ली। युवक की अस्पताल पहुंचते ही मौत हो गई, जबकि युवती अस्पताल में भर्ती है। 24 वर्षीय युवती अपने घर में अकेली थी। लडक़ी के पिता प्रताप चंद तलवाड़ा में कर्मचारी हैं तथा माता सानू देवी एक निजि फैक्टरी में मजदूरी करती हैं। युवती के अनुसार वह घर में अकेली थी तथा उक्त युवक उसके घर आया तथा उसने पानी मांगा।
जैसे ही वह पानी लेने गई लडक़े ने अंदर से कुंडी लगा ली तथा हाथ में ली पेट्रोल की बोतल से पेट्रोल छिडक़ आग लगा दी, जबकि युवक की जेब से निकले सुसाइड नोट में लिखा है कि उनका आपस में प्रेम था तथा वे दोनों शादी करना चाहते थे, मगर उनके घर वाले नहीं मानते थे, इसलिए उन्होंने मौत को गले लगाना बेहतर समझा। युवक हरियाणा के झझर के गांव खनिया का रहने वाला था। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।