मुंबई - शिवसेना ने मंगोलिया को एक अरब डालर की ऋण सुविधा देने संबंधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा की आलोचना करते हुए बुधवार को पूछा कि वह महाराष्ट्र में कर्ज से परेशान किसानों की मदद के लिए यही उदारता क्यों नहीं दिखाते। शिवसेना ने कहा कि यह कदम हाल में आत्महत्या करने वाले किसानों की आत्मा की पीड़ा को और बढ़ाएगा। पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के एक संपादकीय में लिखा कि प्रधानमंत्री ने मंगोलिया को एक अरब डालर की मदद देने की घोषणा की है, ताकि दोनों देशों के संबंध और मजबूत हो सकें।
प्रधानमंत्री ने इस छोटे राष्ट्र के विकास की नैतिक जिम्मेदारी उठाई है, लेकिन यह कोई छोटी रकम नहीं है। इससे आत्महत्या कर चुके किसानों की आत्मा की पीड़ा और बढ़ेगी। केंद्र में राजग सरकार की सहयोगी शिवसेना ने कहा कि मोदी ने ऐसे समय पर मंगोलिया को ऋण सुविधा देने की घोषणा की है जब राज्य में बैंकों और निजी साहूकारों के कर्ज के बोझ तले दबे असहाय किसान सरकार से वित्तीय मदद मिलने का इंतजार कर रहे हैं।