मुंबई - शादी के तोहफे के रूप में अपने मायके वालों से ससुराल में शौचालय मुहैया करने की मांग करने वाली महाराष्ट्र की एक दुल्हन को एक स्वच्छता एनजीओ 10 लाख रुपये का पुरस्कार देगा। स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होते हुए अकोला जिले की महिला ने अपने ससुराल में शौचालय होने पर जोर दिया और शादी के अन्य तोहफों से पहले बुनियादी स्वच्छता जरूरतों को सामने रखा।
अकोला जिले के बालापुर तहसील स्थित अंदुरा गांव की चैताली गलाखे के प्रेरणादायी कदम की सराहना करते हुए सुलभ इंटरनेशनल ने आज उसके लिए 10 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। इसकी घोषणा करते हुए प्रख्यात स्वच्छता विशेषज्ञ और सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक ने चैताली को एक महान स्वच्छता प्रेरक और संदेशवाहक बताया।