जगदलपुर/बीजापुर - छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिला में रविवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ में दो नक्सलियों के भी मारे जाने की खबर है। उधर, बिहार के गया जिला में सोन्ही जमझोर के पास पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई। वह कौलेश्वरी जोन के महिला दस्ता की प्रमुख थी।
बीजापुर में हुई मुठभेड़ पर पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिला के गंगालूर-मिरतूर थाना क्षेत्र के जप्पेमरका जंगल में रविवार सुबह सर्चिंग पर निकले जिला पुलिस बल और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के संयुक्त बल में शामिल जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए, वहीं दो नक्सलियों को जवानों ने मार गिराया है। जिला एएसपी इंद्रकल्याण एलीसेला ने भी घटना की पुष्टि की है।