जम्मू - जम्मू कश्मीर के रेयासी जिले में सुरक्षा बलों ने हथगोला और ए के -56 समेत बड़ी मात्रा में हथियार और गोलेबारूद बरामद किए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर सेना और पुलिस बल ने रेयासी जिले के चासना इलाके के कुंदेरधन के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया । सूत्रों ने बताया कि बरामद हथियारों में दो एके-56 राइफल, दो एके 56 मैगजीन और 7.62 एम एम के 82राउंड, एक रेडियो सेट और हथगोला शामिल था । इलाके की घेराबंदी करके तलाशी अभियान तेज कर दिया गया।
कुछ दिन पहले ही उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकियों के एक ठिकाने को ध्वस्त कर हथियारों का जखीरा बरामद किया। इसमें आईईडी और ग्रेनेड शामिल हैं। सोपोर से करीब 15 किलोमीटर दूर जालूरा, सगीपुरा जंगल क्षेत्र से गुप्त सूचना के आधार पर सेना की 27वीं राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने इलाके में साझा तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ, जो एक नाले के करीब पत्थरों के नीचे छिपाकर रखा गया था।