नयी दिल्ली - राजग सरकार के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के सांसद और पदाधिकारी एक सप्ताह चलने वाले जन कल्याण पर्व के जरिये देशभर में लोगों को गरीब एवं वंचित वर्ग तथा किसानों के लिए आगे बढाई जा रही कल्याण योजनाओं के बारे में बतायेंगे।
भाजपा संसदीय दल की बैठक में एक सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम की घोषणा की गई जो 26 मई से एक जून तक चलेगा। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने पार्टी सांसदों से कहा कि इस पहल का उद्देश्य नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यक्रमों, नीतियों और योजनाओं को रेखांकित करना है। जब यह घोषणा की गई उस समय बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद थे।