भोपाल - मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आज एक बस दुर्घटना में 35 लोगों की जान चली गई वहीं हादसे में 12 यात्री घायल हो गए। घटना के दौरान बस में आग लगने से हादसा भीषण हो गया, मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12.40 बजे छतरपुर से पन्ना जा रही अनूप ट्रैवल्स की बस रास्ते में पांडा जलप्रपात पहुंची। जलप्रपात का क्षेत्र पार करते समय बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने के दौरान उसमें आग लग गई।
बस पलटने के कारण यात्री बाहर नहीं निकल सके। बस के पलटने पर आसपास मौजूद लोगों ने बस की स्थिति देखी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान घायलों को पन्ना के चिकित्सालय में भर्ती करवा दिया गया। मामले में पशुपालन मंत्री कुसुम मेहदेले भी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची। उन्होंने मृतकों के परिजन को एक - एक लाख रूपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
दूसरी ओर घायलों को अस्पताल में उपचार दिए जाने की जानकारी सामने आई है। राज्य सरकार ने हादसे के शिकार बने यात्रियों के लिए राहत की घोषणा की है। हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। सागर संभाग केआयुक्त आर. के. माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख, गंभीर घायलों को 50-50 हजार और मामूली घायलों को 25-25 हजार रुपये देने की घोषणा की है।