औरंगाबाद - ममेरे भाई की हत्या करवाने की साजिश के मामले में पुलिस ने बुधवार को नवीनगर के पूर्व विधायक और वरिष्ठ लोजपा नेता विजय कुमार सिंह उर्फ डब्ल्यू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनकी गिरफ्तारी रांची स्थित उनके आवास से बीती रात दो बजे हुई। मालूम हो कि 15 मार्च को शहर के बाइपास चौक के पास सरेशाम एक व्यवसायी-ठेकेदार नवीन सिंह की अज्ञात युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
नवीन डब्ल्यू सिंह के ममेरे भाई थे। उनकी गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बाद एसपी बाबू राम ने बताया कि इस हत्या में डब्ल्यू सिंह की प्रमुख भूमिका थी। डब्ल्यू सिंह ने नवीन सिंह की एक जमीन पर अपना कैंप बना रखा था। जिसे हटाने का दबाव नवीन बना रहे थे।