चेन्नई - हमारे देश में आस्था बहुत बड़ी चीज़ है इतनी बड़ी कि एक छोटा से नींबू की कीमत को 23 हजार रुपये तक पहुंचा दे। यह ‘चमत्कार’ सचमुच हुआ है तमिलनाडु के विल्लूपुरम में। यहां के इडुम्बन मंदिर में 11-दिवसीय धार्मिक उत्सव उथीराम चल रहा है, जिसके दौरान मंदिर के देवी-देवताओं को फल चढ़ाए जाते हैं, जिन्हें बाद में भक्तों के बीच नीलाम किया जाता है। विल्लूपुरम के लोगों में आस्था है कि इस मंदिर में देवी-देवताओं को फल चढ़ाने से उनकी मनोकामना तो पूरी होगी ही, उनके घर-परिवार में सुख़-शांति और समृद्धि भी आयेगी।
इसी वजह से मंदिर में उत्सव के दौरान चढ़ाये गये फलों की नीलामी कई बार चौंकाने वाली होती है। इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। उथीराम उत्सव के पहले ही दिन की नीलामी में एक श्रद्धालु ने भगवान को चढ़ाये गये एक नींबू को 23 हजार रुपये में खरीदा है। इसके अलावा 10 और नींबू भी अलग-अलग श्रद्धालुओं ने 61,000 रुपये में खरीदे हैं।