मुंबई - मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी विभागों के सचिवों को आदेश दिया है कि वे सीमा से बाहर निकलकर जनता के हित में कुछ काम करें। इसका वे खुद समय-समय पर मुआयना करेंगे। उन्होंने सभी विभागों में आपस में तालमेल बनाए रखने के आदेश दिए और कहा कि किसी भी सचिव के पास कोई भी फाइल ज्यादा दिन नहीं रहनी चाहिए। दरअसल कुछ मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि कुछ ऐसे आईएएस अधिकारी हैं जो फाइलें नहीं निकाल रहे हैं।
इससे वे समय पर निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। उन मंत्रियों की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री ने सभी विभाग के सचिवों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को फाइल नहीं रोकने का सख्त आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई फाइल दो या उससे ज्यादा विभाग से ताल्लुक रखती है तो उस विकास कार्य के संबंध में निर्णय लेने के लिए उससे ताल्लुक रखने वाले सभी विभाग के अधिकारी एक साथ बैठक कर निर्णय लें।
उन्होंने साफ कहा कि फाइल रोकने के बारे में कोई बहाना नहीं सुनेंगे। मुख्यमंत्री ने सचिवों से कहा कि वे अपनी सीमा से बाहर निकलकर सोचें। सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए वे ऐसी योजना बनाएं जिसे वे अमल में ला सकें। उन्होंने सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभाग में कम से कम पांच विकास कार्य तैयार करें जिसका जनता को सीधे फायदा मिले। इस संबंध में वे जल्द ही फिर से सचिवों की बैठक बुलाएंगे और उस बैठक में उन पांच सुझावों के बारे में जानकारी लेंगे।