अहमदाबाद - मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने कहा कि घर में शौचालय है फिर भी खुले में शौच जाने वालों को दंडित करने व सजा देने का राज्य सरकार ने निर्णय किया है ताकि खुले में शौच जाने की मानसिकता व इसके चलते होने वाली गंदगी व उससे फैलने वाले रोगों पर लगाम लगाई जा सके। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गांधीनगर टाउन हॉल में महिला एवं बाल विकास विभाग, गृह विभाग एवं जीवीके ईएमआरआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महिला हेल्पलाइन अभयम 181 का राज्य के सभी 33 जिलों में विस्तरण कर इसे राज्यव्यापी बनाने के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि अब राज्य में शहर से लेकर गांव तक में कहीं भी रहने वाली महिला को किसी भी प्रकार की प्रताडऩा सहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष चार फरवरी 2014 को राज्य के अहमदाबाद शहर, सूरत शहर व गांधीनगर जिले में ही पायलेट प्रोजेक्ट के तहत 24 घंटे सेवारत रहने वाली इस नि:शुल्क हेल्पलाइन 181 की शुरूआत की थी। एक वर्ष में 17 हजार 52 महिलाओं ने इसका लाभ लिया, जिसे देखते हुए रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इसे राज्य के सभी 33 जिलों में शुरू किया जा रहा है।
इस हेल्पलाइन से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के बारे में, वैवाहिक जीवन से जुड़े विवाद से उबरने के बारे में, जातीय एवं बाल जन्म से जुड़ी जानकारी, कानूनी जानकारी व महिला उत्थान व उनके कौशल से जुड़ी योजनाओं के बारे में भी जानकारी पा सकती हैं।