जयपुर - 12वीं कक्षा में 75 फीसदी अंक लाने वाली छात्राओं को राजस्थान सरकार स्कूटी देगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बजट भाषण के दौरान इसकी घोषणा की। राजे ने कहाकि, प्रत्येक जिले में नौवीं से 12वीं तक पढ़ाई करने के बाद 12वीं कक्षा में 75 फीसदी अंक लाने वाली छात्रा को स्कूटी दी जाएगी। वर्तमान में एससी और देवनारायण योजना के तहत कॉलेज में प्रवेश करने वाली छात्राओं को भी स्कूटी दी जाती है। साथ ही नौवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्रा को साइकिल वितरित की जाती है।
राजे ने बजट के दौरान पांच किलोमीटर से अधिक दूर पढऩे जाने वाली छात्राओं को भी सौगात दी। इसके तहत कक्षा नौ से 12 की छात्राएं जिन्होंने साइकिल योजना का फायदा नहीं लिया है उनको ट्रांसपोर्ट वाउचर की सुविधा दी जाती है। अब इसे पंचायत समिति स्तर पर स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूलों की बालिकाओं को भी यह सुविधा मिलेगी। राजे ने बजट में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए जिला स्तर गुणवत्ता सुधार और निगरानी के लिए जिला स्कूल बोर्ड के गठन की घोषणा भी की।
इस बोर्ड में अभिभावक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन शामिल होगा। स्कूल शिक्षा के लिए 21788.97 करोड़ रूपये का बजट जारी किया गया है। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय के जरिए इस साल 5000 माध्यमिक स्कूलों को लक्ष्य रखा गया है।