काठमांडो - भारत और नेपाल वीरवार से वाराणसी और काठमांडो के बीच सीधी बस सेवा शुरू करने जा रहे हैं। इस बस सेवा से पशुपतिनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर के लिए प्रसिद्ध दोनों शहर आपस में सडक़ मार्ग से जुड़ जाएंगे। यह नेपाल और भारत के बीच दूसरी सीधी बस सेवा होगी। इससे पहले पिछले साल काठमांडो-दिल्ली बस सेवा शुरू की गयी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री सुशील कोइराला ने पिछले साल नवंबर में 18वें दक्षेस शिखर सम्मेलन से इतर काठमांडो-दिल्ली सीधी बस सेवा को हरी झंडी दिखाई थी।
इससे संबंधित मंत्रालय के उप सचिव ने कहा कि काठमांडो से वाराणसी के बीच नयी बस सेवा से दोनों ओर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा क्योंकि दोनों शहरों के लोग आसानी से एक दूसरे के यहां के शहरों की यात्रा कर सकते हैं। वाराणसी-काठमांडो बस सेवा को नेपाल के परिवहन मंत्री बिमलेंद्र निधि, भारतीय सडक़ परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के संयुक्त सचिव संजय बंदोपाध्याय तथा नेपाल में भारत के राजदूत रंजीत रे यहां दशरथ स्टेडियम से गुरुवार की सुबह संयुक्त तौर पर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।