जम्मू - जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने गृह, वित्त और शिक्षा जैसे अहम विभाग की जिम्मेदरी पीडीपी मंत्रियों को सौंपी है तथा गृह मंत्रालय का प्रभार अपने पास रखा है। राज्य में 25 सदस्यीय मंत्रिमंडल के शपथ लेने के दो दिन बाद पीडीपी-भाजपा गठबंधन में विभागों के बंटवारे की घोषणा कर दी गयी। उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता निर्मल सिंह को उर्जा विकास और आवास एवं शहरी विकास की जिम्मेदारी दी गयी है जबकि भगवा पार्टी में हाल में शामिल लाल सिंह स्वास्थ्य मंत्री होंगे।
पार्टी के लिए मुख्य वार्ताकार की भूमिका निभाने वाले पीडीपी के हसीब ए द्राबू वित्त मंत्री होंगे और उन्हें श्रम, रोजगार और संस्कृति मंत्रालयों का प्रभार भी दिया गया है। पीडीपी के मुख्य प्रवक्ता नईम अख्तर को शिक्षा का तथा जावेद मुस्तफा मीर को राजस्व का प्रभार सौंपा गया है। अलगाववादी से नेता बने सज्जाद लोन को विज्ञान और तकनीक तथा पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी दी गयी है। उन्हें भाजपा कोटे से मंत्रिमंडल में जगह मिली है।
पीडीपी के वरिष्ठ नेता अब्दुल रहमान वीरे नये बागवानी और हज मंत्री होंगे जबकि बशरत अहमद बुखारी को कानून, न्याय और विधायी मामले तथा राहत और पुनर्वास की जिम्मेदारी दी गयी है। भाजपा के चंद्र प्रकाश, बाली भगत और सुखानंदन कुमार क्रमश: उद्योग और वाणिज्य, सामाजिक कल्याण और वन तथा लोक स्वास्थ्य विभाग देखेंगे।