रायसेन। महाराष्ट्र के सांगली जिले के तीर्थयात्रियों की एक बस रविवार देर रात मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य यात्री घायल हो गए। कोतवाली थाने के प्रभारी एस.एन. मुकाती ने सोमवार को बताया कि रविवार देर रात को खजुराहो से उज्जैन की ओर जा रही तीर्थयात्रियों की बस रतनपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार दो तीर्थयात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं।
नौ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं दो घायलों को भोपाल भेज दिया गया है। मुकाती के अनुसार, सभी तीर्थयात्री महाराष्ट्र के सांगली जिले के रहने वाले हैं। वे बस से तीर्थयात्रा पर निकले थे। रास्ते में बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक हादसे की वजह बस में आई तकनीकी गड़बड़ी बता रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।