कोच्चि - तिहाड़ में हुई थी श्रीसंथ की हत्या की कोशिश हुई थी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज एस श्रीसंथ को लेकर मशहूर मलयाली गायक मधु बालकृष्णन ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेटर एस श्रीसंथ जब 2013 में आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद था तो उसकी हत्या का प्रयास किया गया था।
बालकृष्णन ने मलयालम टीवी चैनल को बताया कि एक दादा टाइप शख्स, जो किसी की हत्या का आरोपी था, ने श्रीसंथ को एक तेजधार हथियार से मारने का प्रयास किया था। उस गुंडे ने वह हथियार दरवाजे के बोल्ट को पैना करके बनाया था, लेकिन भाग्यवश श्रीसंथ को कोई नुकसान नहीं हुआ। श्रीसंथ की बड़ी बहन के पति गायक बालकृष्णन ने बताया कि श्रीसंथ का तिहाड़ जेल में अनुभव बहुत ही खराब रहा।
वह अभी तक मानसिक रूप से सदमे से उभर नहीं पाया है। इस मामले की शिकायत श्रीसंथ ने इसलिए नहीं की, क्योंकि यह मामला तिहाड़ जेल में हुआ था। उनका परिवार अभी भी इस बात को मानता है कि श्रीसंथ को बलि का बकरा बनाया गया।