नई दिल्ली - पीडीपी के संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद जम्मू-कश्मीर की 25 सदस्यीय कैबिनेट का नेतृत्व करेंगे और रविवार को जम्मू में आयोजित होने वाले उनके शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। 25 सदस्यीय इस कैबिनेट में लगभग आधे मंत्री भाजपा के होंगे। अनुच्छेद 370 और अफ्स्पा जैसे मामलों पर मतभेद सुलझने और पीडीपी और भाजपा के बीच समझौता होने के बाद जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण करने से पहले 79 वर्षीय सईद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले।
यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस दौरान सईद ने प्रधानमंत्री को रविवार को जम्मू में आयोजित होने वाले अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मोदी और सईद ने मुस्कुराते हुए और एक-दूसरे को गले लगाते हुए फोटो खिंचवाए। उच्च स्तरीय सूत्रों के अनुसार सईद 25 सदस्यीय कैबिनेट का नेतृत्व करेंगे जिसमें उप मुख्यमंत्री के पद समेत भाजपा के 12 मंत्री होंगे। भाजपा पहली बार राज्य में सरकार का हिस्सा बनने जा रही है।
इस दौरान सईद ने अनुच्छेद 370 और सैन्य बल विशेषाधिकार कानून (अफ्स्पा) जैसे विवादास्पद मुद्दों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम (सीएमपी) रविवार को दोपहर तीन बजे घोषित कर दिया जाएगा। यह पूछने पर कि क्या पीडीपी केंद्र में राजग में शामिल होगी, सईद ने कहा कि इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। मंत्रियों के बारे में जल्द घोषणा की जाएगी।