जयपुर - लेकसिटी में हिंदुजा समूह के संजय हिंदुजा की शादी इस साल की अब तक की सबसे महंगी शादी साबित हो रही है। शादी में करीब 100 करोड़ रूपए खर्च हो चुके हैं। शादी में शरीक होने के लिए 15 से ज्यादा देशों के 700 मेहमान पहुंचे। पिछले तीन दिनों से शहर में लगातार हॉलीवुड, बॉलीवुड, देश-विदेश की राजनीतिक व उद्योग जगत की हस्तियों का आना लगा हुआ है। तीन दिन में 150 से ज्यादा चार्टर प्लेन एयरपोर्ट पर उतरे। वहीं, इन मेहमानों को ठहराने के लिए मेजबानों ने शहर की सभी प्रमुख होटलों में बुकिंग कराई है।
लंदन बेस्ड हिंदुजा ग्रुप के प्रमुख गोपीचंद के बेटे संजय उदयपुर में प्रसिद्ध डिजाइनर नंदिता मेहतानी के साथ विवाह बंधन में बंधे। तीन दिन तक सिटी पैलेस के माणक चौक, जनाना महल, जगमंदिर में शाही समारोह आयोजित किए गए। शादी समारोह में मेहमानों को दिए गए शाही भोज में देश-विदेश के व्यंजनों और मिठाई का जायका रहा। व्यंजनों में इटेलियन, कॉन्टिनेंटल, इंडियन ट्रेडिशनल फूड शामिल हैं।
वहीं मिठाई का स्वाद मुम्बई और मारवाड़ का भी था। सजावट के लिए हैदराबाद और अजमेर से फूल मंगाए गए। शादी में संगीत समारोह के दौरान बॉलीवुड एक्टर्स रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर ने तूने मारी एंट्रियां...पर परफॉर्मेस दी, तो संगीतकार विशाल-शेखर ने भी अपनी प्रस्तुतियों से मेहमानों को झुमाया। गुरूवार शाम संजय हिंदुजा और अनु महतानी परिणय सूत्र में बंध गए। तय कार्यक्रम के अनुसार ठीक 4 बजे बारात जग मंदिर पहुंची और शाम 6 बजे से विवाह की रस्में शुरू हो गई।
हॉलीवुड स्टार्स - हॉलीवुड एक्टर व सिंगर जेनिफर लोपेज, अमरीकी सिंगर निकोल श्वार्जनेगर। राजनीतिक हस्तियां- बहरीन, कतर, युगांडा के राष्ट्राध्यक्ष, प्रफुल्ल पटेल-वर्षा पटेल आदि। उद्योग जगत -अनिल अग्रवाल , लक्ष्मीनिवास मित्तल, आदित्य मित्तल, सुनील भारती मित्तल, गौतम अडाणी, संजीव बजाज आदि।