रुद्रपुर - रुद्रपुर में मंगलवार को पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की 13 बाइकें बरामद कीं। पकड़ा गया एक अभियुक्त हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। उसके विरुद्ध हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। रुद्रपुर कोतवाली में एसएसपी निलेश आनंद भरणे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सोमवार रात दो वाहन चोरों के रेलवे स्टेशन की तरफ जाने की सूचना मिली।
पुलिस टीम ने काशीपुर रोड पर बिना नंबर प्लेट की बाइक में सवार दो युवकों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम सिकरोला, रामपुर निवासी मोहित कुमार पुत्र खरकसेन और टांडा बादली, रामपुर निवासी कुसुमवीर पुत्र जयदेव बताया। चेकिंग के दौरान मोहित के पास एक मास्टर चाबी और कुसुमवीर के पास एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस मिला। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने रुद्रपुर, विलासपुर के विभिन्न क्षेत्रों से चुरायी गई 13 बाइक बरामद कीं।
एसएसपी भरणे ने बताया कि कुसुमवीर हिस्टीशीटर बदमाश है। शातिर वाहन चोर के साथ ही उसके विरुद्ध हत्या का मुकदमा भी दर्ज है। वाहन चोरों को पकड़े सराहनीय भूमिका निभाने वाले सिपाहियों धर्मेन्द्र, रमेश पांडे और योगेश वर्मा को प्रशस्ति पत्र दिये गये। साथ ही देवभूमि व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजू छाबड़ा ने सिपाहियों को 501 रुपए बतौर पुरस्कार दिये। विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी पुलिस टीम की हौसला अफजाई की।