इलाहाबाद 11 फरवरी 2013 - इलाहाबाद रेलेवे स्टेशन पर रविवार देर शाम हुई भगदड़ के बावजूद श्रद्घालुओं की आज भी भारी भीड़ जमा है। सभी अपने गंतव्य तक जाने के लिए रेलगाड़ियों का इंतजार कर रहे हैं। स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटरों के साथ-साथ पूरा स्टेशन श्रद्घालुओं की भारी भीड़ से अटा पड़ा है। मौनी अमावस्या का स्नान करने के बाद अब सभी श्रद्घालुओं वापसी की जद्दोजहद में लगे हैं।
इंदौर जाने के लिए बार-बार रेलगाड़ी की पूछताछ में चक्कर काट रहे एक श्रद्घालु ने कहा, "मैं रात से स्टेशन पर रुका हूं, लेकिन अभी तक रेलगाड़ी नहीं मिल पाई है।" रेलवे की ओर से हमें माकूल जानकारी नहीं मिल पा रही है कि कौन-सी विशेष रेलगाड़ी हमारे मार्ग पर जाएगी। पूछताछ केंद्र में कुछ भी नहीं बताया जा रहा।
वहीं, रेल प्रशासन का कहना है कि नियमित रेलगाड़ियों के अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियों के जरिए भीड़ को स्टेशन से निकाला जा रहा है। इलाहाबाद के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) हरिंदर राव ने बताया कि श्रद्घालुओं की भीड़ हटाने के लिए रविवार को 69 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं। अब भी स्टेशन पर काफी भीड़ है, लेकिन सुबह से हालात बेहतर हैं।