जम्मू - गणतंत्र दिवस और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के भारत दौरे से पहले राज्य में गड़बड़ी फैलाने के लिए पाकिस्तान ने सीमा पर नापाक हरकतें और तेज कर दी हैं। पाकिस्तान के टोही विमान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत में जारी गतिविधियों की रेकी करने के लिए करीब चालीस मिनट तक कठुआ से अखनूर तक उड़ान भरी। इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने घुसपैठ करवाने के लिए भी बिश्नाह सेक्टर में स्टाप टू पोस्ट पर गोलीबारी की।
वहीं बीएसएफ ने पाक रेंजरों को करारा जवाब देकर घुसपैठ को नाकाम बना दिया। भारतीय सेना पहले ही आशंका जता चुकी है कि आने वाले दिनों में सीमा पार से घुसपैठ के प्रयास और राज्य में स्कूल या हाईवे पर आतंकी हमले हो सकते हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के मानवरहित विमान को गुरुवार शाम 7.05 बजे कठुआ सीमा के ऊपर उड़ते देखा गया।
इस विमान को नाइट विजन से कठुआ जिले के चंदवा, करोल मथरा, करोल कृष्णा, बबीया, लोंडी चौकियों की रेकी करते पाया गया। ये वही चौकियां हैं जो हाल ही में पाकिस्तानी की भारी गोलाबारी का निशाना बनी थीं। पाकिस्तान सीमा के 200 मीटर अंदर काफी ऊंचाई पर उड़ रहे इस टोही विमान ने सांबा, जम्मू के बाद अखनूर सीमा तक करीब पौने आठ बजे तक उड़ान भरी। इसकी पुष्टि शुक्रवार को सीमा सुरक्षा बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने की।
मानवरहित विमान का पता चलने पर सीमा सुरक्षा बल व खुफिया एजेंसियों सक्रिय हो गई हैं। सीमा सुरक्षा बल ने सीमा पर हाई अलर्ट की घोषणा कर दी है। पाक गोलीबारी : पाकिस्तानी रेंजरों ने वीरवार देर रात फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिश्नाह की स्टाप टू पोस्ट पर पांच राउंड फायर किए। बीएसएफ के जवानों ने भी इसका जवाब दिया। दोनों तरफ से कुल दस राउंड फायर हुए। पाकिस्तान ने अपनी चांदवां पोस्ट से गोलियां बरसाई। पाक रेंजरों की मंशा भारतीय सीमा में घुसपैठ करवाना माना जा रहा है।