कोहिमा। नगालैंड के मुख्यमंत्री टी आर जेलियांग की परेशानी बढ़ गई है क्योंकि उनकी नगा पीपुल्स फ्रंट पार्टी के 11 विधायकों ने नेतृत्व परिवर्तन की मांग करते हुए आज इस्तीफा दे दिया। बहरहाल, जेलियांग ने दावा किया है कि उनकी सरकार स्थिर है। इस्तीफा देने वाले, एनपीएफ के 11 विधायकों में से दो मंत्री, चार विधायक और पांच संसदीय सचिव हैं। एनपीएफ तथा डीएएन के कई विधायकों ने काइतो आये को एनपीएफ विधायक दल का नया नेता चुन लिया है। इन लोगों ने यह भी कहा कि जेलियांग के पास सदन में सदस्यों का समर्थन और भरोसा ज्यादा समय तक नहीं रहेगा। इस्तीफा देने वाले मंत्रियों में नोके कोन्याक और डॉ बेन्जोंनग्लिबा, संसदीय सचिव तोरेचू, क्रोपोल वित्सु, डॉ लोंग्रीनिकेन, देव नुखू शामिल हैं।