दिल्ली - हॉलिवुड स्टार रिचर्ड गेर ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात नई दिल्ली में हुई। रिचर्ड गेर, गेर फाउंडेशन के चेरयमैन और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ के वैश्विक प्रतिनिधि भी हैं। अमेरिकन मूवी स्टार रिचर्ड ने पीएम मोदी को फूलों के गुलदस्ते के साथ तिब्बती खाता (स्कार्फ) भेंट किया। रिचर्ड समय-समय पर भारत के लिए अपने प्यार का इजहार करते रहे हैं, और वह कई बार भारत आ चुके हैं।
यहां के मीडिया में भी रिचर्ड कभी बॉलिवुड ऐक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी को किस करने, तो कभी भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी की पूर्व पत्नी और सुपरमॉडल पद्मा लक्ष्मी को डेट करने के लिए सुर्खियों में रहे हैं। प्रधानमंत्री के तौर पर किसी हॉलिवुड स्टार से यह मोदी की दूसरी मुलाकात है। इससे पहले बीते साल सितंबर में न्यू यॉर्क के एक रॉक कॉन्सर्ट में ह्यू जैकमैन मोदी के साथ स्टेज शेयर कर चुके हैं।