देहरादून। जिला पिथौरागढ़ अंतर्गत एस्कोट थाना पुलिस हिरासत से वर्ष जुलाई 2007 में लापता राजी जनजाति के युवक मान सिंह का 7 साल 5 माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी आज तक कोई पता नहीं चल पाया है। पिथौरागढ़ क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता जसवंत सिंह जंगपांगी द्वारा थाना पुलिस की शिकायत राज्य पुलिस प्राधिकरण में दर्ज कराए जाने के बाद भी अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। राज्य पुलिस प्राधिकरण में अब इस मामले की सुनवाई के लिए 16 जनवरी की तिथि नियत की गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता जसवंत सिंह जंगपांगी के अनुसार 10 जुलाई 2007 को एस्कोट थाना पुलिस ने पिथौरागढ़ निवासी आदिवासी युवक मान सिंह को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उनके अनुसार पुलिस ने न मान सिंह को अदालत में पेश किया और न ही मान सिंह अपने घर वापस लौटा। जंगपांगी का आरोप है कि मान सिंह की जमानत नहीं हुई, बल्कि वह पुलिस हिरासत से ही लापता हुआ है। उनका कहना है मान सिंह का जल्द पता लगाया जाए।