देहरादून - उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आज पार्टी से बाहर हुए नेताओं की घर वापसी की मुहिम छेड़ते हुए कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल को पार्टी में शामिल कर लिया। पिछले विधानसभा चुनावों में लालकुंआ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के बागी प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे वाले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल की घर वापसी कांग्रेस मुख्यालय में हुए एक बड़े समारोह में हुई। गौरतलब है कि निर्दलीय के रूप में चुनाव जीतने वाले दुर्गापाल ने अन्य निर्दलीयों तथा बसपा के साथ मिलकर प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चा बनाया था जो प्रदेश की कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद दुर्गापाल अब पीडीएफ के सदस्य नहीं रहे।
बहरहाल, विधानसभा में अभी दुर्गापाल का दर्जा निर्दलीय विधायक का ही बना रहेगा और उनके कांग्रेस के पाले में आने के बावजूद 70-सदस्यीय सदन में पार्टी की संख्या 35 ही रहेगी। रावत के इस कदम को वर्ष 2017 की शुरूआत में होने वाले अगले विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज से कांग्रेस के लिये काफी अहम माना जा रहा है। प्रदेश की दिग्गज कैबिनेट मंत्री इंदिरा हृदयेश के करीबी माने जाने वाले दुर्गापाल ने पार्टी में शामिल होने के बाद कहा कि वह कांग्रेस की मजबूती के लिये काम करेंगे और अगले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस भारी बहुमत से वापस आयेगी। कार्यक्रम के बाद, संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री रावत ने इस बात के साफ संकेत दिये कि पुराने कांग्रेसियों को घर वापस लाने का अभियान जारी रहेगा।