देहरादून - उत्तराखंड सरकार वर्ष 2016 में हरिद्वार में होने वाले अर्द्ध कुंभ मेले में पुलिस विभाग की अवस्थापना सुविधायें विकसित करने और उसके आधुनिकीकरण के लिए 55 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिये जाने के लिये केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी। प्रदेश के मुख्य सचिव एन. रवि शंकर की अध्यक्षता में कल शाम हुई एक बैठक में वर्ष 2014-15 और 2015-16 के लिए 55 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए उसे केंद्र को भेजने पर सहमति बनी।
हरिद्वार में कुम्भ, अर्द्ध कुम्भ, कांवड़ मेला, स्नान पर्व सहित अनेक आयोजन होते हैं और इस धनराशि से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थाई इंतजाम किये जायेंगे।मुख्य सचिव ने निर्देश दिये कि 2016 अर्द्ध कुम्भ 2016 के लिए गाडय़िों के पार्किंग की व्यवस्था कुम्भ क्षेत्र से दूर की जाये तथा यात्रियों के आने-जाने के लिए मुफ्त मेला बस की व्यवस्था की जाये। बैठक में बताया गया कि पुलिस अवस्थापना विकास और आधुनिकीकरण के विशेष पैकेज से सर्विलांस उपकरण, बम डिस्पोजल स्क्वैड के लिए उपकरण, संचार उपकरण, जल पुलिस के लिए जीवन रक्षक उपकरण, गाडय़िां और अन्य उपकरण खरीदे जायेंगे।