श्रीनगर - जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आज सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। उधर, केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा है कि अगर पाकिस्तान आतंकवाद से लडऩे के मसले पर गंभीर है तो उसे दाउद इब्राहिम और हाफिज सईद जैसे आतंकियों को भारत को सौंप देना चाहिए। पेशावर में एक स्कूल पर पाकिस्तान तालिबान के आतंकियों के हमले में 132 बच्चों के मारे जाने के बाद पीएम नवाज शरीफ ने आतंकियों के खिलाफ आखिरी सांस तक जंग लडऩे का एलान किया है।
कुपवाड़ा के सालकोट गांव में आज जो मुठभेड़ हुई, उसमें एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गया। अधिकारियों को शक है कि वहां और भी आतंकी हो सकते हैं, इसलिए तलाशी अभियान भी चलाया गया है। बता दें कि आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने कड़ी कार्रवाई की। मारे गये आतंकी की शिनाख्त नहीं हो सकी है।