नई दिल्ली - राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का शनिवार को सेना के रिसर्च एंड रेफेरल अस्पताल में एंजियोप्लास्टी की गई। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति के दिल की धमनी के रूकावट के चलते स्टेंट डाली गई। अब उनकी तबीयत स्थिर है। 79 वर्षीय राष्ट्रपति ने शनिवार सुबह पेट दर्द की शिकायत की थी जिसके बाद उन्हें सेना के अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने उन्हें एक दिन के लिए निगरानी के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। विभिन्न टेस्ट करने के बाद डॉक्टरों को उनकी एक धमनी में रूकावट मिली। सूत्रों ने बताया कि इसके तुरंत बाद डॉक्टरों ने राष्ट्रपति की एंजियोप्लास्टी कर स्टेंट डाला। हालांकि, राष्ट्रपति के प्रेस सचिव वेणू राजामोनी ने इस खबर की न तो पुष्टि की न ही उसको नकारा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति अस्पताल में भर्ती हैं और उम्मीद की जा रही है कि वह सोमवार को अस्पताल से डिस्चार्ज हो जाएंगे।