नयी दिल्ली - 26 नवंबर 2008 को मुंबई हमलों के दौरान आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को इस आतंकी हमले की छठी बरसी पर श्रद्धांजलि दी गई। दक्षिणी मुंबई के पुलिस जिमखाना में महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे, उद्योग, खान और संसदीय मामलों के मंत्री प्रकाश मेहता, मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया तथा पुलिस महानिदेशक संजीव दयाल और अन्य ने मुंबई हमलों में जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पाकिस्तान से आये 10 आतंकवादियों ने 26 नवंबर 2008 को अंधाधुंध गोलीबारी कर 166 लोगों की हत्या कर दी थी। हमलों में अनेक लोग घायल भी हुए थे और करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई थी। महाराष्ट्र एटीएस के तत्कालीन प्रमुख हेमंत करकरे, सेना के मेजर संदीप उन्नीकृष्णन, मुंबई के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक काम्टे और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय सालस्कर हमले में मारे जाने वालों में शामिल थे।