बेंगलूरू - गत 22 नवम्बर की रात एम.जी. रोड स्थित एक आइसक्रीम पार्लर के पास कार में सवार महिलाओं से बदसलूकी के मामले में कब्बन पार्क थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में नागेश, किरण, सतीश, देवराज, हरीश व सुब्रमणी हैं। सभी आरोपी व्हाइटफील्ड के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि नागेश सेल्स एग्जीक्यूटिव का काम करता है, जबकि देवराज इलेक्ट्रिकल लेबर का कार्य करता है।
हरीश और सतीश कार चालक हैं, जबकि किरण छात्र है। सुब्रमणी ने फुटकर सामान की दुकान खोल रखी है। गौरतलब है कि 22 नवम्बर की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पांच महिलाएं शॉपिंग करने के बाद आइस्क्रीम खाने एमजी रोड के पार्लर पर पहुंची थी, लेकिन पार्लर के पास कार पार्किग की जगह नहीं होने के कारण ड्राइवर ने कार को अन्यत्र पार्क किया और महिलाओं के लिए आइसक्रीम खरीदने के लिए चला गया। उसके जाते ही आरोपियों ने कार को चारों तरफ से घेर लिया और महिलाओं के साथ छेडख़ानी की और जोर जबरदस्ती पर उतर आए। इस दौरान एक महिला ने मोबाइल फोन पर मनचलों की वीडियो भी बना ली।
घटना के बारे में पीडित महिलाओं ने कब्बन पार्क थाने में शिकायत दर्ज करवाने के साथ ही पुलिस को उनके चित्र और वीडियो भी उपलब्ध करवाई। पुलिस आयुक्त एमएन रेड्डी ने बताया कि जांच में महिला केमोबाइल से बनाए गए वीडियो से काफी मदद मिली। वीडियो से मिले चित्र व सीसीटीवी कैमरे से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को धर लिया। पुलिस मामले में तहकीकात कर रही है।