डिब्रूगढ़ - असम के डिब्रूगढ़ जिले में राजगढ़ शहर के एक बाजार में आज शाम विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 27 अन्य घायल हो गए। पुलिस तिंगखोंग थानाक्षेत्र में आने वाले इस बाजार में जांच में जुटी है लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने के कारण फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि विस्फोट हुआ कैसे।
डिब्रूगढ़ के पुलिस अधीक्षक राणा भूयान ने कहा, ‘अबतक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है जबकि कम से कम कम 27 अन्य घायल हुए हैं।
हमें विस्फोट स्थल से अबतक कोई विस्फोट सामग्री नहीं मिली है जिससे हम यह पता नहीं कर पाए हैं कि यह धमाका कैसा था।’ उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता करने में जुटी है कि यह ग्रेनेड विस्फोट था या देशी बम या फिर आईईडी। उन्होंने कहा, ‘विस्फोट ट्रक के नीचे हुआ। वहां लोग सामान लाद रहे थे। ऐसे में इंजन में धमाका होने की आशंका है। सघन जांच के बाद सबकुछ स्पष्ट हो पाएगा।’