ढाका - आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) की महिला शाखा की प्रमुख को यहां गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार महिला ने स्वीकार किया है कि उसने पश्चिम बंगाल में 25 महिलाओं को आतंकवादी बनने का प्रशिक्षण दिया। मीडिया रपटों के अनुसार, गिरफ्तार महिला फातिमा बेगम पश्चिम बंगाल के बर्दवान में दो अक्टूबर को हुए बम विस्फोट के मुख्य साजिशकर्ता और जेएमबी कमांडर साजिद की पत्नी बताई जाती है। इस विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गई थी।
इस घटना के बाद दोनों देशों में आतंकवादी मॉड्यूल की जांच शुरू हुई। ढाका महानगर के पुलिस उपायुक्त मसूदुर रहमान ने बताया कि बेगम को यहां सादरघाट इलाके से तीन अन्य सहयोगियों के साथ शनिवार की रात गिरफ्तार किया गया। रहमान ने बताया कि उसके पास से बारूद, बम बमाने की सामग्री और जिहादी साहित्य बरामद किए गए। संयुक्त आयुक्त मोनिरूल इस्लाम ने बाद में बताया कि बेगम जेएमबी की एक प्रशिक्षण संयोजक थी और वह अपने पति का भी सहयोग करती थी।
साथ ही बर्दवान विस्फोट के समय वह इस आतंकी संगठन की राजनीतिक प्रमुख भी थी। बर्दवान जिले के खारगढ़ क्षेत्र में एक घर में दो अक्टूबर को हुए विस्फोट में जेएमबी के दो संदिग्ध आतंकवादियों की मौत हो गई थी। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान बेगम ने स्वीकार किया कि उसने बर्दवान के सिमुलिआ क्षेत्र में 25 महिलाओं को आतंकवादी बनने का प्रशिक्षण दिया था, जिनमें से पांच बांग्लादेशी थीं। इस्लाम ने कहा, वे गरीब और मध्यम आय के परिवारों से सदस्यों को ढूंढते थे। वे गरीबों को जेएमबी में शामिल होने के लिए आश्वस्त करते थे। भारत की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी इस मामले की जांच कर रही है।