लखनऊ - समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों के संबंध में उन पर जो अनर्गल इल्जाम लगाए गए हैं, उनमें यदि एक भी आरोप सिद्ध हो जाता है तो वह कुतुबमीनार की आखिरी मंजिल से कूदने को तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा एजेंसियां इन आरोपों से उन्हें साफ तौर पर बरी करती हैं, तो उन पर इल्जाम लगाने वाली सांप्रदायिक ताकतों को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर लाई गई बग्घी पर आजम खां ने कहा कि सपा मुखिया के लिए बग्घी को उन्होंने अपने लंदन में रहने वाले भांजे से 75 लाख रूपए की कीमत अदा करके खरीदा है और यह पैसा उनके खून पसीने की कमाई है।
वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने कहा कि वह आजम खां का साथ अपने जीते जी कभी नहीं छोड़ेगे। यादव ने यहां अपने 75वें जन्मदिन के मौके पर आयोजित समारोह में कहा कि आजम खां से उनके रिश्ते को कोई नाम नहीं दिया जा सकता। आपातकाल के समय वह उनके जेल के साथी हैं और उनसे खुद को अलग करना शायद इस जीवन में संभव नही है। उन्होंने कहा कि खां ने उनकी तरह हमेशा अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है।
मीडिया उनके बयानों का कोई मतलब निकाले उससे पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ता। यादव ने कहा कि मुजफ्फरनगर दंगों से खां का कोई संबंध नहीं है और राजनीतिक विद्वेष के कारण बेवजह उन्हें इस मामले में घसीटा गया। वह पूरी तरह निर्दोष है । इस अवसर पर पार्टी महासचिव आजम खां ने कहा कि यादव के जन्मदिन को भव्यरूप प्रदान करना उनका सपना था और वह उसको साकार करने में सफल हुए हैं।