पटना - बिहार के नए राज्यपाल की नियुक्ति जल्द ही होने की संभावना है। वर्तमान राज्यपाल का कार्यकाल 27 नवंबर को खत्म हो रहा है। इसी के साथ भाजपा खेमे में कई नामों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
बनारस के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी का प्रस्तावक बनने वाले गिरिधर मालवीय का नाम की चर्चा सबसे अधिक है। मालवीय काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक मदनमोहन मालवीय के पौत्र हैं और इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज रह चुके हैं। इनके अलावा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, पूर्व आईएएस अधिकारी बालेश्वर राय और वरिष्ठ पत्रकार एमजे अकबर के नाम की भी चर्चा हो रही है। राज्पाल डी वाई पाटील का कार्यकाल 27 नवंबर को खत्म हो रहा है।
बिहार में तो उन्होंने राज्यपाल का पद 29 मई 2013 को संभाला था, लेकिन राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल त्रिपुरा से शुरू हुआ था। वहां उन्होंने 27 नवंबर 2009 को राज्यपाल पद संभाला था। लिहाजा उनका पांच साल का कार्यकाल इसी महीने 27 तारीख को खत्म हो रहा है। उम्मीद है कि इसके पहले नए राज्यपाल के नाम की घोषणा की जाएगी।
लेकिन राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा है कि केन्द्र सरकार बिहार के राज्यपाल का नाम बहुत सोच-समझकर तय करेगी। संभव है, नाम तय होने तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी को बिहार के राज्यपाल का प्रभार दिया जाए।