मुम्बई - जेल में बंद अंडरवर्ल्ड डॉन अबू सलेम अपनी आत्मकथा लिख रहा है और इस काम में उसकी मदद कर रहे हैं जेल में बंद उसके दो और साथी। सलेम के ये साथी एमिल जेरोम और मनीष ठाकुर हत्या के मामले में जेल में बंद है। सलेम की इन दोनों से दोस्ती आर्थर रोड जेल में हुई। वर्तमान में तीनों तलोजा जेल में बंद है।
सलेम की आत्मकथा के 100 पन्ने लिखे जा चुके हैं और इन्हें 11 चेप्टर में बांटा गया है। इसमें अभी और पन्ने लिखे जाने बाकी है। सलेम की ख्वाहिश है कि उसकी आत्मकथा पर मूवी भी बनाई जाए। उसका मानना है कि वरदराजन मुदलियार, दाऊद इब्राहिम और हाजी मस्तान पर फिल्म बन सकती है तो उस पर क्यों नहीं। आठवीं पास सलेम खुद को रोमांटिक रॉबिन हुड कहता है।
किताब में उसने लिखा है कि पिता के निधन के बाद किस कदर उसके परिवार को संघर्षो का सामना करना पड़ा। पैसे कमाने के लिए वह मुुम्बई आ गया। मुम्बई में वह सेल्समैन बन गया और फिर अंडरवर्ल्ड तक पहुंच गया। सलेम ने अपनी किताब में अफेयर्स और काम के बारे में विस्तार से लिखा है। उसने हर चेप्टर के बाद लिखा है कि यहां गाना होना चाहिए।
हालांकि अभी तक उसने मोनिका बेदी के बारे में कुछ नहीं लिखा है। उस पर आठ केस चल रहे हैं, इनमें तीन केस पासपोर्ट फर्जीवाड़े, दो हत्या, दो फिरौती और एक केस मुम्बई ब्लास्ट से जुड़ा हुआ है। आत्मकथा लिखने में उसके सहायक एमिल जेरोम कन्नड़ अभिनेत्री मारिया सुसाइराज का बॉयफ्रैंड था उसने टीवी एग्जीक्यूटिव नीरज ग्रोवर की हत्या की थी। वहीं मनीरूा ठाकुर अपनी गर्लफ्रैंड कौशांबी लायक की हत्या के मामले में जेल में बंद है।