वाराणसी - सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को पुलिस की मौजूदगी में बदमाशों ने ऑटोमोबाइल शोरूम के कर्मचारियों से 12 लाख कैश लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों का पता लगाने में पुलिस जुटी है। मामला सिधारी इलाके का है। मारुति एजेंसी के कैशियर राजकुमार शर्मा और उमेश राय दोपहर में 12 लाख रुपये बैंक में जमा करने निकले थे।
दोनों कर्मचारी मुख्य सडक़ पार कर जैसे ही बैंक शाखा के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद एक बदमाश ने राजकुमार को थप्पड़ जड़ा और सीने पर तमंचा सटा दिया। राजकुमार बदमाश से भिड़ गया। बैंक ड्यूटी पर तैनात सिपाही आगे बढ़ा तभी दूसरे बदमाश ने उसपर असलहा तान दिया। डंडे से लैस सिपाही जान बचाने के लिए भाग निकले। आसपास मौजूद लोग भी मूकदर्शक बने रहे। इससे कर्मचारियों के हौसले पस्त हो गए। बदमाश राजकुमार के हाथ से रुपयों वाला बैग छीन असलहे लहराते हुए कुछ दूर तक पैदल गए और फिर बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों का तीसरा साथी पहले से ही बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। मौके पर पहुंचे एसपी दिनेश चंद्र दूबे और अन्य अधिकारियों ने छानबीन की। बैंक में लगे सीसी कैमरे की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ले ली है। सीसी फुटेज में चेहरा-हुलिया साफ न होने से बदमाशों का सुराग नहीं लग सका।