गुरदासपुर - भारत-पाकिस्तान सीमा पर मोमनपुर बी.ओ.पी. के पास सीमा सुरक्षा बल की बी.एस.एफ. की 164 बटालियन के जवानों ने आज सुबह लगभग 11 बजे 7 किलो हैरोइन पकड़ी। अंतर्राष्ट्रीय मार्कीट में इसकी कीमत लगभग 35 करोड़ है। इस संबंधी जानकारी देते हुए सीमा सुरक्षा बल के गुरदासपुर सैक्टर के डी.आई.जी. ब्रिगेडियर एन.के. मिश्र्रा व बी.एस.एफ की 164 बटालियन के कमांडैंट सुकुमार सारंगी ने बताया कि गत रात इस क्षेत्र में कंटीली तार के पास समाज विरोधी तत्वों की हरकतें सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने नोट की थीं जिसको लेकर सीमा सुरक्षा बल के जवान काफी सक्रिय हो गए थे।
आज सुबह इस इलाके में पैट्रोलिंग की गई तो कंटीली तार के पास सरकंडों में से सीमा सुरक्षा बल के जवानों को एक-एक किलोग्राम के 7 पैकेट मिले जिनमें हैरोइन भरी हुई थी। वहीं अमृतसर में स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल के खुफिया विभाग काऊंटर इंटैलीजैंस ने आज 5 किलो हैरोइन सहित रोशन सिंह निवासी गांव रोड़ीवाला को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई हैरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 25 करोड़ रुपए आंकी जाती है।