मानेसर - आतंकी संगठन अलकायदा व आईएसआईएस साथ मिलकर कई शहरों में एक साथ आतंकी हमले कर सकते हैं। यह चेतावनी गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के महानिदेशक जे एन चौधरी ने दी। इस संबंध में केंद्र सरकार को भी इनपुट भेजा गया है। उन्होंने कहा कि 2008 में हुआ मुंबई अटैक तो महज शुरुआत भर है। चौधरी ने साथ ही आशवस्त भी किया कि भारतीय सुरक्षाकर्मियों ने एक साथ कई शहरों में आंतकी हमले होने की स्थिति में उनका मुकाबला करने की तैयारी कर ली है।
उन्होंने कहा कि अलकायदा देश में कैम्प नहीं बना सकता है। लेकिन इंडियन मुजाहिद्दीन, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा आदि आंतकी संगठन आपस में मिलकर एक साथ कई शहरों पर हमला कर सकते हैं। अलकायदा के आतंकियों ने आठ-दस साल पहले गोवा, बैंगलुरु और अमृतसर में रेकी की थी इसलिए उनके हमले की आशंका कोई नई नहीं है। लेकिन आतंकी समूह आपस में मिले तो स्थिति खतरनाक हो जाएगी।
पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने केंद्र सरकार को जानकारी दी थी कि भारत में अपनी जड़ें फैलाने के लिए आंतकी संगठन अल कायदा प्रतिबंधित सिमी के साथ गठजोड़ कर सकता है। साथ ही बताया था कि अल कायदा ने इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। यह बातें चौधरी ने एनएसजी के स्थापना दिवस पर कहीं।