नई दिल्ली - सैकड़ों किलोमीटर दूर बंगाल की खाड़ी से उठे तूफान हुदहुद ने देश के पूर्वी व उत्तरी भाग में व्यापक असर डाला है। तेज हवाओं व बारिश के चलते पारा नीचे आया और मौसम सर्द हो गया। तूफान से आंध्र प्रदेश व ओडिशा में भारी नुकसान हुआ तो पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के मौसम ने भी करवट बदली। उप्र में 17, बिहार में दो, मप्र में तीन व छत्तीसगढ़ में तीन की मौत के साथ कुल 25 लोगों ने जान गंवाई।
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश के तराई भागों में भारतीय मौसम विभाग के निदेशक बीपी यादव के अनुसार, तूफान के चलते पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों तक पहुंचा। मौसम में आए बदलाव से उत्तराखंड में चारधाम केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री समेत आसपास की पहाडिय़ों पर बर्फ की चादर बिछ गई। केदारनाथ में तो छह घंटे तक लगातार बर्फबारी हुई। मैदानी भागों में बारिश से भी मौसम सर्द बना रहा। हिमाचल प्रदेश की भी कई ऊंची चोटियों पर बर्फबारी व मैदानों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई।