जम्मू - लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन होने के बाद 13 दिन तक बंद रहे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को मंगलवार को यातायात के लिए खोल दिया गया जिससे बाढ़ प्रभावित कश्मीर घाटी में राहत के लिए किए जा रहे प्रयासों में तेजी आएगी। इस महत्वपूर्ण सडक़ संपर्क की मरम्मत सीमा सडक़ संगठन और सेना के इंजीनियरों ने की।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि बीआरओ और सेना के इंजीनियरों के सतत प्रयासों के बाद जम्मू..श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को आज खोल दिया गया। उधमपुर स्थित सेना की नॉर्दन कमांड के मुख्यालय के चीफ इंजीनियर ने इंजीनियरों को तैनात किया और विशेष उपकरणों की मदद से, भूस्खलन का मलबा हटाया गया और सडक़ की मरम्मत की गई। भूस्खलन कई जगह हुआ था।
रामबन जिले में राजमार्ग को भूस्खलन की वजह से बंद कर दिया गया था और इसका कुछ हिस्सा पानी में बह भी गया था। मरम्मत के बाद इसे यातायात के लिए पुन: खोल दिया गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया ‘‘राजमार्ग को सिर्फ हल्के मोटर वाहनों के लिए ही खोला गया है। राजमार्ग पर 3000 से 4000 वाहन, खास कर आपूर्ति ले जा रहे ट्रक यातायात बंद होने की वजह से फंसे थे।