मुंबई - ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री टोनी एबॉट दो दिवसीय भारत यात्रा पर आज सुबह यहां पहुंचे। उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देश अपने रणनीतिक संबंधों को गहरा करने तथा द्विपक्षीय व्यापार एवं वाणिज्य को मजबूती देने के उपायों पर विचार करेंगे। ऐसे भी संकेत हैं कि एबॉट की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच परमाणु करार हो सकता है।
प्रधानमंत्री एबॉट आज सुबह विमान से भारत की वित्तीय राजधानी पहुंचे। आज का दिन वह मुंबई में बिताएंगे और इस दौरान वह प्रमुख उद्योगपतियों और कुछ चुनींदा भारतीय मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे।
एबॉट आज ऑस्ट्रेलिया सरकार की भारत में नई कोलंबो योजना (न्यू कोलंबो प्लान) के लॉन्च के लिए आयोजित समारोह में भी शामिल होंगे। इसके अलावा वह आज भारतीय क्रिकेट क्लब में ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ खिलाड़ी एडम गिलक्रिस्ट और ब्रेट ली द्वारा युवा क्रिकेटरों को सम्मानित किए जाने वाले समारोह में भी शिरकत करेंगे। इस समारोह मे एबॉट के साथ साथ भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर भी शामिल होंगे।
एबॉट खेल के क्षेत्र में एक आशय पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे लेकिन इसका ब्यौरा अब तक पता नहीं चल पाया है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री मुंबई में नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमलों का निशाना बने होटल ताज महल पैलेस में, हमले के दौरान मारे गए लोगों की याद में बनाए गए स्मारक पर एबॉट पुष्पचक्र चढ़ाएंगे।