नई दिल्ली - ब्रिटेन ने भारत के साथ अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करने की इच्छा से मंगलवार को औपचारिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश आने का न्योता दिया। मोदी ने इस न्योते को सहर्ष स्वीकार कर आने की सहमति दी है। उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को भी भारत आने का न्योता दिया है।
आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार ब्रिटेन के विदेश मंत्री विलियम हेग और वित्त मंत्री जार्ज ओसबोर्न ने मंगलवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उन्हें बताया कि प्रधानमंत्री चुनाव से ब्रिटेन में भारत के प्रति ज्यादा उत्साह और आशा का संचार हुआ है। उन्होंने साथ ही नयी सरकार के साथ मिलजुल कर काम करने की इच्छा जतायी ताकि दोनों देशों के संबंधों में और प्रगाढता आये।
उन्होंने गत मई में प्रधानमंत्री के शपथग्रहण समारोह के दौरान सार्क देशों के नेताओ को न्योता दिये जाने की भी तारीफ की। उल्लेखनीय है कि मोदी के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद से यूरोपीय देशों की सरकारों ने संबंध बढाने में काफी रूचि दिखाई है और फ्रंास के बाद अब ब्रिटेन का एक बडा शिष्टमंडल नई दिल्ली आया हुआ है।