मुजफ्फनगर - उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं थमने का नाम ही नहीं ले रही हैं। एक साल पहले यूपी के मुजफ्फरनगर में फैले दंगों के बाद शनिवार को एक बार फिर क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। इस बार मुजफ्फनगर नगर एक समुदाय के चार युवकों की दूसरे समुदाय की कॉलोनी में पिटाई के बाद प्रदर्शन की वजह से सुलगा है। मामले को ज्यादा बढ़ता देख प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए जिले के संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों को तैनात कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी हालात पर काबू पा लिया गया हैं।
सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार शाम को एक समुदाय के चार छात्र जाट कॉलोनी में ट्यूशन पढऩे गए थे, तभी कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। बाद में हमलावरों ने उन पर लडक़ी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। पुलिस ने पिटाई का शिकार हुए छात्रों को बचाया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की जानकारी दूसरे समुदाय को मिलने के बाद वे लोग भडक़ गए और उन्होंने थाने पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने 100 से ज्यादा लोगों के खिलाफ हिंसा का मामला दर्ज किया है।