नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को महत्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री जन-धन योजना’ की शुरूआत कर दी है। इसके तहत देशभर में लगाए गए 80 हजार कैंपों में डेढ़ करोड़ लोगों के बैंक अकाउंट खुलवाए जाएगें। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि एक दिन में 1.5 करोड़ लोगों का बीमा होना और खाते खुलना अपने आप में रिकॉर्ड है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जन-धन योजना बड़ी मुश्किल से पैसे बचाने वाली उन माताओं-बहनों को बैंक खाता और आर्थिक शक्ति देगी जो बड़ी मुश्किल से पैसे बचाती हैं।
अगर परिवार में पुरुषों को नशे की लत हो तो उनसे पैसे बचाने कठिन हो जाते हैं। पीएम ने कहा कि हमें आर्थिक छुआछूत खत्म करनी है। अपना खाता, भाग्य विधाता का नारा देते हुए मोदी ने कहा, देश की बड़ी आबादी के पास जब बैंक खाता ही नहीं होगा तो वे आर्थिक तरक्की से कैसे जुड़ेंगे। इस योजना के तहत बैंक खाते से 15 करोड़ लोगों को जोडने की योजना है। आम लोगों को वित्तीय सेवाओं से जोडने के लिए अब देश के हर व्यक्ति के पास अपना बैंक खाता होगा। देशभर में 76 केंद्रों से एक साथ इस योजना की शुरुआत की गई। हर खाताधारक को एक डेबिट कार्ड और एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर दिया जाएगा।