पटना - बिहार के पटना जिले में सशस्त्र अपराधियों ने हथिदह और रामपुर डुमरा रेलवे स्टेशनों के बीच एक ट्रेन के यात्रियों के साथ लूटपाट की लेकिन यात्रियों के विरोध करने पर बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी जबकि गोलीबारी में अन्य चार को घायल कर दिया। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविन्द कुमार रजक ने कहा कि छह हथियारबंद डकैत आधी रात हथिदह स्टेशन पर गोरखपुऱ़हटिया मौर्य एक्सप्रेस के एक डिब्बे में घुस गए।
विरोध करने पर उन्होंने यात्रियों पर गोलियां बरसाईं। जिसमें एक यात्री की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अपराधी डुमरा स्टेशन के आउटर सिग्नल पर लूट के सामान के साथ उतर गए। रजक ने बताया कि यात्रियों ने बड़हिया स्टेशन पर प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यात्री का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।