सुल्तानपुर - उत्तर प्रदेश में सुल्तानपुर जिले के अखण्डनगर क्षेत्र में पुलिस ने आज एक कुटिया से भारी मात्रा में शराब बरामद करके एक कथित साधु को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मरुई कृष्णदासपुर गांव में एक कुटिया का ताला खुलवाकर वहां रखी 35 पेटी शराब बरामद की। पुलिस ने कुटिया में रहने वाले जौनपुर निवासी कथित साधु अच्छेलाल को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक अच्छेलाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका एक साथी मनोज भी अवैध शराब के धंधे में उसकी मदद करता था। उन्होंने बताया कि एक ग्रामीण ने गुरुवार की रात को एक जीप से आयी 35 पेटी शराब अच्छेलाल की कुटिया के पास उतारते देखकर ग्राम प्रधान को इसकी खबर दी थी। बाद में ग्रामीणों ने कुटिया के दरवाजे पर ताला लगा दिया था।