कोलकाता - पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा आठ की इतिहास की पाठ्यपुस्तक में खुदीराम बोस सहित कई स्वाधीनता सेनानियों को क्रांतिकारी आतंकवादी करार दिए जाने का मामला सामने आया है। भाजपा ने इसे घोर आपत्तिजनक करार देते हुए बंगाल की भावी पीढ़ी को बरबाद करने वाला करार दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने कहा कि इतिहास को विकृत कर बंगाल की पीढ़ी को बरबाद करने की साजिश रची जा रही है।
इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा इतिहास के पाठ को सही रूप में पेश करने के लिए आंदोलन करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक विरोध पत्र लिखा जाएगा। स्वंतत्रता सेनानियों को आतंकवादी बताए जाने की कड़ी निंदा कांग्रेस की तरफ से भी हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी ने कहा कि स्वंतत्रता सेनानियों को गलत तरीके से पेश करना एक आपराधिक कृत्य है। इसके लिए ममता सरकार को जवाब देना चाहिए। उधर राज्य के कई इतिहास शिक्षकों ने नई ब्याख्या पर आश्चर्य प्रकट किया और गलत व्याख्या को वापस लेने की मांग की।