मुंबई - आम आदमी पार्टी की नेता रहीं शाजिया इल्मी राजनीति छोड़ अब क्रिकेट बिजनेस में दिलचस्पी ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के टीवी स्टार्स के बीच शुरू होने वाली क्रिकेट लीग में शाजिया अहम भूमिका निभा रही हैं। शाजिया को इस क्रिकेट लीग के प्रसारण शो को होस्ट करने का ऑफर भी मिला था। लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया।
एक अंग्रेजी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, शाजिया ने कहा, मैं शो के लिए काफी बोरिंग चेहरा साबित होती, इसलिए मैंने इनकार कर दिया। इस लीग में मैं एक ब्रांड एंबेसडर जैसी भूमिका में हूं और वेंचर में मेरी स्वेट इक्विटी (आर्थिक को छोड़ अन्य भागीदारी) है। हालांकि उन्होंने इस बारे में और अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि शाजिया को कुछ दिनों पहले चर्चित रियलिटी टीवी शो बिग बॉस से भी ऑफर मिला था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था।
इस लीग के आयोजन से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, यह अभी सामने नहीं आया चर्चा है कि इस सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका समेत भारतीय उपमहाद्वीप की टीमें हिस्सा लेंगी। अलग-अलग देशों के केवल टीवी स्टार्स टीम का हिस्सा होंगे। इन टीमों के बीच मैच सेशल्स, दुबई और सिंगापुर में खेले जाएंगे।